राजस्थान को थोड़ा और करीब से जानिएस्वतंत्र हिंदी यात्रा ब्लॉग
CM Collegeराजस्थान की राहें, हिंदी में
बजट यात्रा

₹3000 से कम में 2 दिन का Jaipur Trip: Hotel, Food और घूमने का पूरा Budget Plan

लेखक: himmat singh · · 8 मिनट पढ़ें

जयपुर घूमने का मन है, लेकिन जेब ज्यादा खर्च करने की इजाजत नहीं दे रही? तो टेंशन लेने की जरूरत नहीं है। थोड़ी सी सही प्लानिंग कर ली जाए तो ₹3000 से भी कम बजट में 2 दिन का जयपुर ट्रिप आराम से किया जा सकता है।

खास बात ये है कि इतने कम बजट में भी आपको जयपुर के फेमस महल देखने, पुराने शहर की गलियों में घूमने, हवा महल के सामने फोटो लेने, लोकल कचौड़ी खाने और अच्छे हॉस्टल में रुकने का मजा मिल सकता है।

अगर आप राजस्थान के ही किसी शहर से जयपुर आ रहे हैं या कम बजट में Pink City घूमना चाहते हैं, तो ये प्लान आपके काम आ सकता है।

जयपुर आने के लिए ट्रेन या बस रखें पहली पसंद

अगर बजट कम रखना है तो फ्लाइट वगैरह की तरफ देखने की जरूरत ही नहीं है। राजस्थान के ज्यादातर बड़े शहरों से जयपुर के लिए बस और ट्रेन आसानी से मिल जाती है।

अलवर, अजमेर, सीकर, दौसा, कोटा, भरतपुर या आसपास के इलाके से आ रहे हैं तो सुबह जल्दी वाली ट्रेन या बस पकड़ सकते हैं। कोशिश करें कि जयपुर सुबह-सुबह पहुंच जाएं, ताकि होटल में पूरा दिन खराब न हो और पहले ही दिन घूमना शुरू कर सकें।

कम दूरी से आने वालों के लिए साधारण बस या ट्रेन टिकट ही ट्रिप का बजट काफी कम कर देता है।

जयपुर के अंदर घूमना भी ज्यादा महंगा नहीं

जयपुर में अगर आप सही जगह रुकते हैं तो बहुत सारी फेमस जगहें एक-दूसरे से ज्यादा दूर नहीं हैं।

पुराने जयपुर यानी परकोटा इलाके में हवा महल, जंतर-मंतर, सिटी पैलेस, त्रिपोलिया बाजार, बड़ी चौपड़ और जौहरी बाजार आसपास ही मिल जाते हैं।

यहां लोकल ई-रिक्शा, ऑटो और शेयरिंग वाले साधन आसानी से मिल जाते हैं। कई बार थोड़ी दूरी के लिए ₹20-₹30 में भी शेयरिंग सवारी मिल जाती है।

दो-तीन लोग साथ में घूम रहे हों तो ऑटो का किराया आपस में बांटने पर खर्च और कम हो जाता है।

एक बात जरूर याद रखें—ऑटो में बैठने से पहले किराया पूछ लें। जयपुर घूमने आए टूरिस्ट को देखकर कुछ लोग ज्यादा रेट भी बोल देते हैं।

₹450 के आसपास मिल सकता है हॉस्टल

जयपुर ट्रिप में सबसे ज्यादा पैसा होटल खा जाता है, इसलिए कम बजट में घूमने वालों के लिए हॉस्टल अच्छा ऑप्शन है।

इस ट्रिप में रहने के लिए Moustache/Backpacker-style hostel जैसे बजट हॉस्टल चुने जा सकते हैं, जहां कई बार डॉर्म बेड लगभग ₹450 प्रति रात के आसपास मिल जाता है। कीमत तारीख, वीकेंड और सीजन के हिसाब से ऊपर-नीचे हो सकती है।

हॉस्टल में रुकने का फायदा सिर्फ सस्ता कमरा नहीं है। यहां आपको दूसरे ट्रैवलर्स मिल जाते हैं, कॉमन एरिया होता है और कई हॉस्टल का माहौल काफी aesthetic और lively रहता है।

अगर आप अकेले जयपुर घूमने आ रहे हैं तो हॉस्टल होटल के मुकाबले ज्यादा मजेदार ऑप्शन हो सकता है।

पहले दिन सिटी पैलेस से शुरू करें जयपुर दर्शन

सुबह जयपुर पहुंचने और सामान रखने के बाद आप सीधे पुराने जयपुर की तरफ निकल सकते हैं।

सबसे पहले City Palace Jaipur जा सकते हैं। जयपुर राजघराने और शहर के इतिहास को करीब से देखना है तो यह जगह जरूर देखनी चाहिए।

सिटी पैलेस में अलग-अलग हिस्सों और टिकट कैटेगरी के हिसाब से फीस बदल सकती है। सामान्य विजिट के लिए करीब ₹300 प्रति व्यक्ति का बजट अलग रख सकते हैं, लेकिन जाने से पहले मौजूदा टिकट रेट जरूर चेक कर लें।

यहां के दरवाजे, पुराने आंगन, राजस्थानी डिजाइन और शाही आर्किटेक्चर फोटो और वीडियो के लिए भी काफी शानदार लगते हैं।

हवा महल देखने के लिए टिकट खर्च करना जरूरी नहीं

जयपुर आए और हवा महल नहीं देखा, तो ट्रिप अधूरा ही लगेगा। अगर आपका बजट कम है तो हवा महल को बाहर से देखने के लिए कोई टिकट नहीं लगता। बड़ी चौपड़ के आसपास से इसकी खूबसूरत फ्रंट साइड साफ दिखाई देती है।

लेकिन हवा महल का सबसे बढ़िया व्यू सामने मौजूद rooftop cafés से मिलता है।

हवा महल के सामने ये कैफे हैं काफी पॉपुलर

हवा महल के ठीक सामने कई rooftop cafés हैं। इनमें Wind View Cafe और आसपास के दूसरे rooftop cafés से हवा महल का सीधा नजारा मिलता है।

यहां बैठकर चाय-कॉफी पीते हुए हवा महल देखना अलग ही अनुभव है, खासकर शाम के समय।

कुछ कैफे में लगभग ₹200 प्रति व्यक्ति का minimum order रखना पड़ सकता है। यानी आपको हवा महल के व्यू के साथ कुछ खाने-पीने का भी मौका मिल जाएगा।

अगर Instagram Reel या फोटो बनानी है, तो यह स्पॉट काफी बढ़िया है।

जयपुर आए हैं तो कचौड़ी जरूर खाना

घूमना अपनी जगह है, लेकिन जयपुर आकर गरमागरम कचौड़ी नहीं खाई तो फिर क्या ही जयपुर घूमे!

यहां आपको जगह-जगह प्याज की कचौड़ी, दाल की कचौड़ी, समोसा, मिर्ची बड़ा और पकौड़े मिल जाएंगे।

कई लोकल दुकानों और ठेलों पर ₹20-₹50 के आसपास अच्छा नाश्ता हो जाता है। इसी वजह से जयपुर बजट ट्रैवलर्स के लिए काफी अच्छा शहर है।

सुबह चाय के साथ प्याज की कचौड़ी और ऊपर से हरी-मीठी चटनी—बस फिर दिन बन जाता है।

बहुत महंगे कैफे में हर बार जाने के बजाय एक टाइम लोकल खाना खाएंगे तो ट्रिप का बजट आसानी से कंट्रोल में रहेगा।

दूसरे दिन क्या-क्या घूमें?

दूसरे दिन सुबह जल्दी उठकर पुराने जयपुर के बाकी इलाके एक्सप्लोर कर सकते हैं।

हवा महल के आसपास थोड़ा पैदल घूमते हुए जौहरी बाजार और बापू बाजार जा सकते हैं। यहां जयपुरी जूती, कपड़े, कुर्ती, लाख की चूड़ियां और कई तरह के लोकल सामान मिल जाते हैं।

अगर खरीदारी नहीं भी करनी है तो पुराने बाजारों में घूमने का अपना मजा है।

इसके बाद समय और बजट बचा हो तो जल महल जा सकते हैं। सड़क से जल महल देखने का कोई बड़ा खर्च नहीं आता और यहां फोटो लेने के लिए भी अच्छी जगह मिल जाती है।

शाम को ट्रेन या बस के हिसाब से सिंधी कैंप या जयपुर जंक्शन की तरफ वापस निकल सकते हैं।

₹3000 में कैसे मैनेज होगा पूरा जयपुर ट्रिप?

अगर आप बहुत लग्जरी खर्च नहीं करते तो बजट कुछ इस तरह रखा जा सकता है:

  • आने-जाने का बस/ट्रेन खर्च – दूरी के हिसाब से लगभग ₹400-₹800
  • हॉस्टल – लगभग ₹450-₹600 प्रति रात
  • 2 दिन का लोकल ट्रांसपोर्ट – करीब ₹300-₹500
  • City Palace या दूसरी paid attraction – लगभग ₹300+
  • खाना और नाश्ता – करीब ₹500-₹700
  • Rooftop cafe – लगभग ₹200-₹300
  • बाकी छोटे खर्च – ₹200-₹300

इस तरह थोड़ी प्लानिंग के साथ लगभग ₹2500 से ₹3000 के आसपास 2 दिन का जयपुर ट्रिप किया जा सकता है।

हालांकि आपका कुल खर्च इस बात पर निर्भर करेगा कि आप किस शहर से आ रहे हैं, कहां रुक रहे हैं और कितनी paid जगहों पर जा रहे हैं।

बजट जयपुर ट्रिप के लिए कुछ काम की बातें

जयपुर में घूमने के लिए सुबह और शाम का समय सबसे अच्छा रहता है, खासकर गर्मियों में दोपहर की धूप से बचना बेहतर है।

पुराने शहर में बहुत सारी जगहें पास-पास हैं, इसलिए हर जगह ऑटो लेने के बजाय थोड़ा पैदल भी चलें। इससे पैसे भी बचेंगे और जयपुर की गलियों को असली तरीके से देखने का मौका भी मिलेगा।

होटल या हॉस्टल बुक करते समय कोशिश करें कि वह जयपुर जंक्शन, सिंधी कैंप या पुराने शहर से बहुत दूर न हो। ₹100 सस्ता कमरा लेकर अगर रोज ₹300 ऑटो में लगाने पड़ गए तो कोई फायदा नहीं है।

साथ ही वीकेंड, त्योहार और टूरिस्ट सीजन में हॉस्टल और होटल के रेट बढ़ सकते हैं, इसलिए पहले से बुकिंग करना बेहतर रहता है।

आखिर में

लोगों को लगता है जयपुर घूमने के लिए अच्छा-खासा बजट चाहिए, लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है।

अगर आप लोकल ट्रांसपोर्ट इस्तेमाल करें, बजट हॉस्टल में रुकें, लोकल खाना खाएं और एक दिन में आसपास की जगहों को साथ में कवर करें तो ₹3000 से कम में भी जयपुर की शानदार 2 दिन की ट्रिप हो सकती है।

हवा महल के सामने चाय, जयपुर की गलियों में कचौड़ी, सिटी पैलेस का शाही अंदाज और शाम के समय Pink City की रौनक—कम बजट में इससे बेहतर छोटा ट्रिप शायद ही मिले।

तो अगली बार वीकेंड खाली मिले, बैग उठाइए और निकल पड़िए जयपुर!

इस ब्लॉग के बारे में

राजस्थान की जगहें, किले, विरासत और कम बजट की यात्राएँ—सरल हिंदी में यात्रा की योजना बनाने के लिए उपयोगी गाइड। हमारे बारे में जानें ↗

अपना सवाल या सुझाव लिखें

आपका ईमेल सार्वजनिक नहीं होगा। टिप्पणी प्रकाशित होने से पहले समीक्षा की जा सकती है।

यह भी पढ़ें

Jhalawar Without a Car_ Gagron Fort Getaway
बजट यात्रा

कार नहीं है? झालावाड़ की ये 2 दिन की ट्रिप आपका दिल जीत लेगी!

· 5 मिनट पढ़ें

घूमने का मन हो और अपनी कार न हो, तो अक्सर प्लान आगे टल जाता है। लेकिन झालावाड़ की दो दिन की यात्रा के…

पूरा लेख पढ़ें ↗ — कार नहीं है? झालावाड़ की ये 2 दिन की ट्रिप आपका दिल जीत लेगी!
डूंगरपुर बजट ट्रिप: जूना महल, गैब सागर और दो दिन घूमने का आसान प्लान
बजट यात्रा

डूंगरपुर बजट ट्रिप: जूना महल, गैब सागर और दो दिन घूमने का आसान प्लान

· 5 मिनट पढ़ें

राजस्थान में घूमने की बात चले तो अक्सर जयपुर और उदयपुर का नाम पहले आता है। लेकिन अपने वागड़ का डूंगरपुर भी छोटी छुट्टी…

पूरा लेख पढ़ें ↗ — डूंगरपुर बजट ट्रिप: जूना महल, गैब सागर और दो दिन घूमने का आसान प्लान